पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर “समर्पण” आधारित पुस्तक का विमोचन

नई दिल्ली। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, राष्ट्र चिंतक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर मालवीय समिति भवन नई दिल्ली में उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर आधारित विशेष पुस्तक “समर्पण दीनदयाल उपाध्याय” का भव्य विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम प्रेरणा दिवस पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. महेश चंद्र शर्मा, चेयरमैन (एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान), वी. सतीश, राष्ट्रीय संगठक भाजपा, तथा रवीन्द्र माधव साठे, सभापति (राज्यमंत्री) महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड सहित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित की। वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ सिंह ने मंच संचालन करते हुए वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पंडित दीनदयाल की प्रतिमा स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि डॉ महेश चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन दीनदयाल को श्रद्धांजलि और लेखक को शाबासी देने का है, कहा उनपर पुस्तक लिखने वाले व्यक्तियों में चन्दन कुमार सबसे छोटे व्यक्ति है। पुस्तक के लेखक चन्दन कुमार ने अपने संबोधन में पहली पुस्तक की प्रेरणा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की दिशा में मार्गदर्शक सिद्धांत है। पुस्तक में उनके व्यक्तित्व, संगठन कौशल और राष्ट्र निर्माण में योगदान का विस्तृत वर्णन है। कार्यक्रम में तरुण चुघ, राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा, हरीशंकर सिंह एवं रमाकांत पांडे सहित सैकड़ों विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रहित एवं समाज उत्थान के लिए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।