देश की राजधानी दिल्ली में सड़कों को सुरक्षित बनाने और दोपहिया वाहन चालकों को जीवन के महत्व का एहसास कराने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 16 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई
इस पांच दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 17,415 वाहन चालकों के चालान काटे। इनमें अधिकांश ऐसे लोग थे जो बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे थे या फिर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है की अभी भी बड़ी संख्या में लोग सड़क सुरक्षा नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है की हेलमेट न पहनना केवल नियमों का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि अपने जीवन को जोखिम में डालना भी है। इसी कारण इस अभियान के जरिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी की गई।
हेलमेट वितरण: जागरूकता का अनोखा तरीका
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही की जिन लोगों के चालान काटे गए, उन्हें मौके पर ही हेलमेट भी दिए गए। पुलिस का यह कदम केवल दंड देने तक सीमित नहीं था, बल्कि लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की एक सकारात्मक पहल थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में बड़ी संख्या उन लोगों की होती है जो हेलमेट नहीं पहनते। ऐसे में हेलमेट वितरण का यह प्रयास लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

समापन कार्यक्रम और संदेश
इस अभियान का समापन बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में हुआ। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार त्यागी ने अपने शब्दों में कहा की हेलमेट को केवल एक कानूनी आवश्यकता के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवन रक्षक कवच के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा की एक छोटी सी लापरवाही जीवन भर का पछतावा बन सकती है।
युवाओं को दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर विजयंता आर्या, दिनेश कुमार गुप्ता, डीसीपी शोभित डी. सक्सेना और एसीपी सुनील चौहान ने युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे न केवल खुद नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार और दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि युवा वर्ग अगर जागरूक हो जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।
सड़क सुरक्षा: सभी की जिम्मेदारी
इस अभियान ने यह साफ कर दिया है की सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। हेलमेट पहनना, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना जैसे छोटे-छोटे कदम बड़े हादसों को टाल सकते हैं।https://avmtimes.in/bihar-police-constable-recruitment-2026-fake-news-csbc-rejects-social-media-rumor-of-22000-posts/
आने वाले समय में भी इस तरह के अभियान चलाए जाने की उम्मीद है, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। अगर हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो निश्चित ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।https://www.youtube.com/@avmtimes





